पुराने नोट-सिक्कों के संग्रह के लिए पहचाने जाने वाले सकती के मेडिकल व्यापारी अभिषेक बंसल के पास ऐतिहासिक और दुर्लभ मुद्राओं का अनमोल संग्रह है। इसी कड़ी में उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में भारत सरकार द्वारा ₹100 का स्मारक सिक्का (Commemorative Coin) जारी किया गया है।
यह सिक्का पहली बार 24 दिसंबर 2018 को वाजपेयी जी की 94वीं जयंती पर और पुनः 25 दिसंबर 2024 को उनकी 100वीं जयंती के अवसर पर लॉन्च किया गया। सिक्के पर अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर, उनका नाम हिंदी व अंग्रेजी में तथा 1924–2018 अंकित है।
अभिषेक बंसल ने बताया कि यह सिक्का चांदी, तांबा, निकल और जस्ता की मिश्र धातु से बना है और यह आम चलन में नहीं, बल्कि केवल संग्रह (Collector’s Item) के रूप में जारी किया गया है, जिसे अक्सर प्रीमियम दरों पर खरीदा-बेचा जाता है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि India Post द्वारा भी अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष पोस्टकार्ड और डाक सामग्री जारी की गई है, जो Azadi Ka Amrit Mahotsav और विभिन्न डाक प्रदर्शनियों के दौरान प्रस्तुत की गईं। यह सभी संग्रह वाजपेयी जी की विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक हैं।
