गुजरात के साबरकांठा में हिम्मतनगर हाईवे पर एक इनोवा कार की बुधवार सुबह ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 7 लोगों की मौत हो गई। 1 गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी 8 लोग अहमदाबाद के रहने वाले थे। वे शामलाजी से अहमदाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इस कार की ट्रक के पिछले हिस्से से टक्कर हुई।
हादसा इतना गंभीर था कि कार का बंपर उड़ गया था और शव कार में फंस गए थे। शवों को निकालने के लिए कार की बॉडी को गैस कटर से काटना पड़ा।
DSP एके पटेल ने बताया कि उनकी टीम मौके पर पहुंची तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। मरने वालों की पहचान धनवानी, चिराग, रविभाई, रोहित, गोविंद, राहुल, रोहित और बर्थ के रूप में हुई है। अभी इनकी उम्र और बाकी डिटेल सामने नहीं है। वहीं, 22 साल के हनीभाई शंकरलाल टोटवानी का हिम्मतनगर सिविल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
राजस्थान के बूंदी में 15 सितंबर को ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। कार सवार 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 लोग घायल हो गए। इसमें से एक को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है। कार में बुरी तरह फंसे शवों को क्रेन की मदद से निकाला गया।
राजस्थान के टोंक जिले में बोलेरो कार के ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकराने से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 10 लोग घायल हुए। सभी MP के श्योपुर के रहने वाले वाले थे। ये लोग अजमेर दरगाह में जियारत करके वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।
दमोह में एक ट्रक ने आगे चल रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। 1 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जबलपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि ऑटो में 10 लोग सवार थे। हादसा देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव के आगे बांदकपुर रोड पर हुआ।
गुजरात के डांग जिले के सापूतारा घाट पर 7 जुलाई को 65 यात्रियों से भरी एक बस खाई में जा गिरी थी। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हो गए थे। घायलों को सापूतारा और डांग के अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया था।