Getting your Trinity Audio player ready...
|
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ईडी का पुतला दहन किया गया और केंद्र सरकार पर ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर ईडी का दुरुपयोग नहीं रोका गया, तो युवा कांग्रेस मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के निवास का घेराव करेगी।
भाजपा पर लगाया ईडी के दुरुपयोग का आरोप
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी के जरिए विपक्ष की आवाज को दबा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी को जानबूझकर कांग्रेस नेताओं के जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर भेजा जा रहा है, ताकि राजनीतिक संदेश दिया जा सके।
एक नेता ने कहा,
“कभी देवेंद्र यादव के जन्मदिन पर ईडी भेजते हैं, तो कभी भूपेश बघेल के जन्मदिन पर, यहां तक कि चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर उनके घर ईडी पहुंचती है। यह सिर्फ बदले की राजनीति है।”
युवा कांग्रेस ने कहा – जनता की आवाज को नहीं दबाया जा सकता
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा चाहे जितना भी दबाव बना ले, युवा कांग्रेस जनता की आवाज को और तेज करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा अगर “बदलापुर” की राजनीति बंद नहीं करती, तो युवा कांग्रेस सड़कों से लेकर सत्ता के गलियारों तक आंदोलन करेगी।
सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विभोर दुरगकर, भिलाई नगर अध्यक्ष अर्जुन शर्मा, वैशाली नगर अध्यक्ष पलाश लिमेष, प्रदेश सचिव सीखा रॉय, जिला उपाध्यक्ष शोएब, जिला महासचिव सतनाम, अमन सेठिया, अमन सोनी, भारत राव, आर्यन, दीपक पाटले, शुभम वर्मा, जय शर्मा, गजेंद्र, सागर, पिंटू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।