कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर दबिश दी गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि स्क्रैप यार्ड में चोरी से संबंधित हाइवा, ट्रेलर एवं ट्रक के पुर्जे सहित भारी मात्रा में लोहे का सामान अवैध रूप से संग्रहित है। जांच के दौरान यार्ड संचालक नूर आलम निवासी टी.पी. नगर, कोरबा मौके पर मिला, लेकिन वह सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने लगभग 1200 टन ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे का सामान जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। नगर निगम टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी
