बहु की बात से नाखुश ससुर ने ईट से फोड़ा सिर, महिला के सिर पर लगे 17 टांके
राजधानी दिल्ली से बहुत ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक ससुर ने अपनी बहू पर सरेआम ईंट से एकाएक वार किए। सिर फटने के कारण महिला सड़क पर ही गिर पड़ी और आरोपी ससुर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोग खौफ में इधर-उधर छिप गए। पीछे से दौड़ते हुए आया पति अपनी घायल पत्नी को उठाकर निजी डॉक्टर के पास पहुंचा और सीढ़ियों से गिरने कर बात बताई, लेकिन होश में आते ही जख्मी महिला ने अपने ससुर की करतूत बताई। पीड़ित महिला के सिर पर 17 टांके आए हैं।
मामला प्रेम नगर का है। यहां के निवासी प्रवीण कुमार की शादी फरीदाबाद की रहने वाली काजल(26) के साथ हुई थी। प्रवीण कुमार सिविल डिफेंस में कार्यरत है। पीड़ित महिला के पिता सत्यप्रकाश का आरोप है कि काजल शादी के बाद नौकरी करना चाहती थी। मंगलवार को बेटी इंटरव्यू देने जा रही थी, लेकिन उसके ससुर ने एतराज जताया। दोनों में बहस भी हुई। घर से बाहर निकलते ही बेटी के पीछे उसका ससुर ईंट लेकर दौड़ता हुआ गया और सिर पर कई बार वार किए।
खून से लथपथ काजल सड़क पर ही गिर पड़ी, आस-पास मौजूद लोग इधर-उधर भाग गए। वहीं, पीछे से दौड़ता हुआ घायल महिला का पति पहुंचा। दूसरी तरफ, घटना को अंजाम देकर आरोपी ससुर मौके से फरार हो गया। घायल महिला काजल को डॉक्टर के पास लेकर गया और बताया कि यह सीढ़ियों से गिर गई, लेकिन काजल ने होश आने पर बताया कि उसके सिर में ससुर ने ईंट से वार किए हैं।
आनन फानन महिला को संजय गांधी अस्पताल में भेजा गया। यहां उनका उपचार किया गया। पीड़ित महिला काजल के सिर में 17 टांके आए। साथ-साथ हाथ में भी काफी चोट आई है। मामले में प्रेम नगर थाना पुलिस को शिकायत कर दी गई है।