जगदलपुर/बस्तर। बस्तर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना बस्तर में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक युवक को महिला से जबरन शारीरिक संबंध बनाकर गर्भवती करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरसागुड़ा मावलीगुड़ा (जोंदरी पारा) की रहने वाली पीड़िता की शादी वर्ष 2018 में बकावंड निवासी मंगलसाय से हुई थी। वर्ष 2023 में पति की मृत्यु के बाद वह मायके में रह रही थी। इस दौरान उसकी पहचान टिकराधनोरा स्कूलपारा निवासी पीलूराम उर्फ पीलेमन कश्यप (31 वर्ष) से हुई। दोनों मोबाइल पर बातचीत करते थे।
आरोप है कि 15 दिसंबर 2024 को आरोपी ने महिला को भेलवापदर जंगल, बस्तर बुलाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला गर्भवती हो गई और 8 अगस्त 2025 को उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बस्तर में अपराध क्रमांक 82/2025 धारा 64 BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में टीम गठित की गई।
पुलिस ने 29 अगस्त 2025 को आरोपी पीलूराम उर्फ पीलेमन कश्यप को गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी और उसे न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर अदालत में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना बस्तर के निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक दुशिला भारद्वाज, प्रधान आरक्षक ढोलू राम बघेल, महिला आरक्षक श्यामा ठाकुर एवं डीएसएफ आरक्षक निरंजन वैध का विशेष योगदान रहा।
