कोरबा जिले के पाली विकासखंड के परसदा गांव के सुरेश जगत ने बड़ा कीर्तिमान रचते हुए छत्तीसगढ़ गठन के बाद पहले आदिवासी IAS अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। वर्ष 2018 की UPSC परीक्षा में 556वीं रैंक लाकर उन्होंने पश्चिम बंगाल कैडर प्राप्त किया। वर्तमान में वे दार्जिलिंग में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) के पद पर कार्यरत हैं।
गांव के प्राथमिक स्कूल से शिक्षा शुरू करने वाले सुरेश 12वीं में बिलासपुर की प्रदेश मेरिट लिस्ट में पांचवें स्थान पर रहे। एनआईटी रायपुर से इंजीनियरिंग के बाद उनका चयन ONGC, NTPC, IES और IRTS में हुआ, लेकिन प्रशासनिक सेवा को लक्ष्य बनाकर उन्होंने सभी नौकरियां छोड़ दीं।
बिना कोचिंग के तैयारी करने वाले सुरेश ने बताया कि शुरुआती दो प्रयास हिंदी माध्यम में असफल रहे, जिसके बाद उन्होंने अंग्रेजी माध्यम अपनाया और चौथे प्रयास में सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
