राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से किया सम्मानित
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को रविवार को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों आडवाणी को ये सम्मान मिला। बता दें कि इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी लालकृष्ण आडवाणी के बगल में बैठे दिखाई दिए। इससे पहले लालकृष्ण आडवाणी के घर गृहमंत्री अमित शाह पहुचे थे। अमित शाह के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आडवाणी के घर पहुंचे थे। बता दें कि इस साल एमएस स्वामीनाथन, लाल कृष्ण आडवाणी, कर्पूरी ठाकुर, नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि मंत्री एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मरणोपरांत प्रदान किया। राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया। चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।