Pregnant woman died due to consuming poison, family members made these serious allegations
छत्तीसगढ़ के सक्ती में गर्भवती महिला की जहर सेवन करने से मौत हो गई। जिसे संदिग्ध हालत मे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला के ससुराल वाले उसे आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। महिला तीन महीने की गर्भवती थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह हत्या है या आत्महत्या। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के ग्राम सेंद्रीपाली निवासी छोटी बाई पटेल की शादी सक्ती जिले के ग्राम सिंघनसरा निवासी उमाशंकर पटेल से 16 मई 2019 को हुई थी। दोनों का एक लगभग चार साल का बच्चा भी है। शुक्रवार को उमाशंकर अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ने गया था। लेकिन वह मायके में नहीं रुकी और वापस आ गई। शुक्रवार की रात दोनों अपने घर पहुंचे। रात 9 बजे छोटी ने अपने भाई को फोन कर अपने पति के साथ विवाद होने की जानकारी देकर फोन काट दिया।
उसके बाद महिला के भाई ने फिर फोन किया तो उमाशंकर ने विवाद नहीं हो रहा है कहते हुए फोन को काट दिया। रात करीब 9:54 बजे उमाशंकर ने छोटी बाई पटेल के भाई को फोन कर उसके जहर खाने की जानकारी देते हुए अस्पताल बुलाया। जिसके बाद उसका भाई अस्पताल पहुंचा। लेकिन तब तक महिला की मृत्यु हो गई थी। महिला के परिजनों का आरोप है कि उमाशंकर पटेल ने जहर देकर छोटी बाई पटेल की हत्या की है। उनका कहना है कि दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। कई बार दोनों को समझाइश देकर समझौता कराया गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उमाशंकर अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह हत्या है या आत्महत्या। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। महिला का एक चार साल का बेटा भी है। साथ ही महिला तीन महीने की गर्भवती थी।