कोरबा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसईसीएल बल्गी परियोजना में कार्यरत एक पंप ऑपरेटर से प्रवीण झा नामक युवक ने फर्जी नौकरी का आरोप लगाकर डराते-धमकाते हुए 11 लाख से अधिक की उगाही कर ली। पीड़ित कर्मचारी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित दीनदयाल (59 वर्ष), पिता समारु, निवासी MQ D-8 बल्गी कॉलोनी, थाना बांकीमोंगरा ने बताया कि वह एसईसीएल बल्गी परियोजना में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। सितंबर 2024 में उनके मोबाइल पर 9098144445 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रवीण झा, निवासी तैय्यब मस्जिद के पास, बिलासपुर बताया।
उसने धमकाते हुए कहा कि दीनदयाल ने फर्जी तरीके से नौकरी हासिल की है और यदि वह 8 लाख रुपये नहीं देंगे तो वह सभी कार्यालयों में शिकायत कर उनकी नौकरी छीन लेगा। भयभीत दीनदयाल ने उसकी बातों में आकर नवंबर 2024 तक किश्तों में 5 लाख रुपये दे दिए।
दिसंबर 2024 में आरोपी ने फिर दबाव बनाकर 2.50 लाख रुपये और लिए।
जनवरी 2025 से जुलाई 2025 तक दोबारा विभिन्न किश्तों में 2.50 लाख रुपये नगद लिए।
सितंबर 2025 में आरोपी ने 10 लाख रुपये की मांग की और पीड़ित से 2.50 लाख रुपये का चेक (एसबीआई बल्गी शाखा, चेक नं. 338100) ले लिया।
हालांकि पीड़ित ने चालाकी दिखाते हुए चेक पर तारीख बदल दी, जिससे आरोपी उसे भुना नहीं पाया।
पीड़ित के मुताबिक प्रवीण झा ने अब तक उनसे 8.60 लाख रुपये नगद और 2.50 लाख रुपये का चेक सहित कुल 11 लाख 10 हजार रुपये की उगाही की है।
