पॉपुलर कन्नड़ एक्टर दर्शन को पुलिस ने एक मर्डर केस में किया गिरफ्तार
बेंगलुरु पुलिस ने एक मर्डर केस में पॉपुलर कन्नड़ एक्टर दर्शन थूगुदीप को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दर्शन और उनके 9 अन्य साथियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार,शहर के चितादुर्गा इलाके के रेनुकास्वामी नामक युवक की हत्या से जुड़े होने की वजह से हिरासत में लिया है। पीड़ित रेणुकास्वामी का शव रविवार को कामाक्षीपाल्या के पास एक नाले में मिला। यह घटना तब सामने आई जब आते जाते लोगों ने गली के कुत्तों को नाले से एक शव को घसीटते हुए देखा। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ने दर्शन का नाम बताया है और दर्शन पर आरोप है कि वो लगातार आरोपियों के संपर्क में थे। मामले की जांच के दौरान कथित तौर पर गिरिनगर के तीन लोगों ने हत्या के मामले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। तीनों ने दावा किया कि हत्या पैसों के लेनदेन को लेकर हुई है। क्रॉस क्वेसच्निंग में हत्या के सही कारणों का पता चला।
कहा जा रहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर दर्शन के कहने पर हत्या की थी। पीड़ित पर आरोप है कि उसने अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ अश्लील मैसेज भेजे थे। पवित्रा गौड़ा को दर्शन का करीबी दोस्त बताया जा रहा है।