कूनो में बढ़ी चीतों की संख्या, दक्षिण अफ्रीका से भारत पहुंचे 12 चीते
भारत में चीतों का कुनबा बढ़ा है। आज 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते लेकर भारतीय वायु सेना का स्पेशल विमान मध्यप्रदेश के ग्वालियर पहुंचा। इससे पहले सितंबर 2022 में नामीबिया से 8 चीते लाए गए थे। आज लाए गए 12 चीतों के साथ ही भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। ये सभी चीते भारत के कुनो नेशनल पार्क में रहेंगे। 12 चीतों के इस जत्थे में इस बार 7 नर और 5 मादा चीते हैं।
शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका ने एक सहयोग समझौते के तहत भारत में 12 चीतों को स्थानांतरित किया। बता दें कि 1952 में चीता को भारत में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। लेकिन अब भारत में चीतों को दूसरे देशों से लाया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से चीते लाने के लिए भारत से समझौता साल 2021 में हुआ था। इस समझौते के तहत अगले 10 साल तक हर साल 10 से 12 चीते भारत लाए जाएंगे। भारत में आखिरी एशियाई चीता 1948 में मारा गया था। तभी से भारत में फिर से चीतों को बसाने की कोशिश चल रही थी। भारत में चीतों को लाकर उनकी वंशवृद्धि कर जंगलों में छोड़े जाने की कोशिश की जाएगी।