नक्सलियों ने भाजपा नेता को घायल अवस्था में फेंका सड़क पर
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने रविवार की रात अपहृत किए गए भाजपा नेता को सोमवार रात को गंभीर रूप से घायल करके सड़क पर फेंक दिया। नक्सलियों ने सलवा जुडूम आंदोलन में मारे गए चिन्नाराम गोटा के पुत्र और भाजपा नेता महेश गोटा को चिकटराज की पहाड़ी से अगवा किया था। सोमवार रात 11:30 बजे महेश को घायल अवस्था में सड़क पर फेंक गए। उन्हें कुटरू के अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि सादे कपड़ों में आए दो नक्सलियों ने फरसेगढ़ के पूर्व सरपंच महेश गोटा का अपहरण कर लिया था। आदिवासी परंपरा के अनुसार चिकटराज पहाड़ी पर पूजा अनुष्ठान में सम्मिलित होने कई गांव के लोग पहुंचे थे। महेश भी उपसरपंच पाण्डु गोटा, शिक्षक राजाराम जव्वा, पूर्व उपसरपंच रमेश पोंदी, कार्तिक शाह व लोकेश कुमार बारसे के साथ पूजा में सम्मिलित होने गए थे। उनके साथ गए लोगों के अनुसार, महेश अकेले ही पहाड़ी के ऊपर गए थे। महेश के पिता चिन्नाराम गोटा सलवा जुड़ूम आंदोलन के अग्रणी नेता थे। नक्सलियों ने उनकी हत्या कर दी थी।