अवैध संबंध की कहासुनी में हुआ मर्डर, लोहे की रॉड से हमला
इंदौर- एमजी रोड थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। हमला लोहे की राड से किया गया था। पहले उसको साथियों ने गंभीर अवस्था में अस्पताल भर्ती करवाया था। उपचार के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे जेएस मार्केट की है। फरियादी दिलीप सुरेशसिंह सेंगर निवासी मिश्र नगर की शिकायत पर प्रकरण दर्ज हुआ है। दिलीप ने पुलिस को बताया कि रात को विजय नगर क्षेत्र से दोस्त मोनू उर्फ जगदीश चौहान के आटो रिक्शा से घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पीर गली में देवा उर्फ सिकंदर की दुकान पर रुक गया। दोनों में अवैध संबंधों को लेकर कहासुनी होनी लगी।
आरोपित देवा ने लोहे की राड से हमला कर दिया। देवा के परिचित नितिन ने दुकान की शटर लगा दी और वह लोहे की राड से हमला करने लगा। दिलीप जैसे-तैसे बाहर निकला और काल कर एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी। गंभीर अवस्था में मोनू को अस्पताल ले गए लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पहले प्राणघातक हमले की धारा में केस दर्ज किया था। मोनू की मौत के बाद धारा बढ़ा दी गई है।