Getting your Trinity Audio player ready...
|
मुंगेली, 20 मई 2025.छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले को अब स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली का नया तोहफा मिला है। जिले के 17 प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत पुलिस नियंत्रण कक्ष से जोड़ा गया है। इस अत्याधुनिक व्यवस्था का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
62 हाई-टेक कैमरों से होगी शहर की 24×7 निगरानी
33.15 लाख रुपये की लागत से तैयार इस स्मार्ट सिस्टम के तहत 62 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे अब पूरे मुंगेली शहर की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखेंगे। इन कैमरों से प्राप्त लाइव फीड को इंटिग्रेटेड पुलिस कंट्रोल रूम में देखा जा सकता है, जिससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
सिर्फ निगरानी नहीं, सुशासन की भी रीढ़ बनेगा यह सिस्टम
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण अवसर पर कहा कि यह प्रणाली केवल सुरक्षा निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर की कानून व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए एक मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने इसे सुशासन तिहार के तहत एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि तकनीक के माध्यम से शासन को पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाना हमारी प्राथमिकता है।