Monsoon has arrived.. Meteorological Department gave this big information
रायपुर। दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में पहली बार सुकमा जिले के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा है। शनिवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा जिले के साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र, ओडिशा के कुछ भाग और तेलंगाना में भी दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रवेश की घोषणा की है। विभाग का कहना है कि अब दक्षिण पश्चिम मानसून बड़ी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है।
रविवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही बारिश के आसार हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून का रायपुर प्रवेश भी समय से पहले होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से काफी ज्यादा बारिश की संभावना है। शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट भी रही। मानसून की आहट से लू के थपेड़ों से राहत मिली है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार से बुधवार 12 जून तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। 13 जून से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधि बढ़ेगी और इसके अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ ही रायपुर में भी मानसून प्रवेश की संभावना है।