मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, NDRF और SDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी
दिल्ली में यमुना के जलस्तर में मामूली सी गिरावट देखी जा रही है। हालांकि बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। बाढ़ से जूझ रही दिल्ली में आज शनिवार को बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी कर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली के कई इलाकों में अब भी जलभराव बना हुआ है। NDRF और SDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव में जुटी हुई हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल की अपील पर अब भारतीय सेना भी राहत कार्य में जुट गई है। सेना ने शुक्रवार रात आईटीओ बैराज के गेट को खोलने और दूसरी जगहों पर पानी का भराव रोकने का इंतजाम किया।