कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राठौर कॉलोनी में शनिवार को बड़ी वारदात सामने आई। दो अज्ञात युवकों ने घर में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया। आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर का युवक देवेश सिंह अकेला था। उसकी मां इलाज के लिए बाहर गई हुई थीं। तभी दो अज्ञात युवक किराएदार बनने का बहाना बनाकर घर में घुसे और अचानक देवेश पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
स्थानीय निवासी भगवती राठौर ने बताया कि घायल देवेश ने गले पर हुए हमले की जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी देवेश के बड़े भाई सौरभ सिंह को रायपुर से लौटने पर मिली। वहीं, क्षेत्रीय पार्षद अब्दुल रहमान ने आरोप लगाया कि सीमा क्षेत्र विवाद के चलते पुलिस कार्रवाई में देरी हुई। हालांकि, सीएसपी भूषण एक्का ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई थी।
