छतरपुर में आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमाई, विधायक आरिफ मसूद और रामेश्वर शर्मा के बीच जुबानी जंग

Must Read

*भोपाल।* छतरपुर में एक आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई है, जबकि भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मसूद के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है।

आरिफ मसूद ने अपने पत्र में कहा कि छतरपुर प्रशासन द्वारा बिना किसी नोटिस के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाना न्याय व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में संविधान का पालन नहीं हो रहा और यह घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि मध्य प्रदेश में संविधान की समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। मसूद ने इस कार्रवाई को लेकर अधिकारियों पर भी सवाल उठाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मसूद ने कहा, “प्रशासन ने बिना नोटिस दिए लोगों के घरों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया, जो कि सीधे-सीधे न्याय व्यवस्था का उल्लंघन है। जिस तरह से पुलिस और प्रशासन ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों का उपयोग कर घरों और वाहनों को तोड़ा है, उससे साफ जाहिर होता है कि मध्य प्रदेश में संविधान का पालन नहीं किया जा रहा है।”

वहीं, भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मसूद के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार चल रही है और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना उनकी नीति है। शर्मा ने कहा, “बाबा साहब के संविधान के अनुसार भाजपा सरकार चल रही है। ऐसे उपद्रवियों के मकान तोड़ना और उन पर कार्रवाई करना हमारी नीति है। हम ऐसे उपद्रवियों को बिरयानी नहीं खिलाएंगे।”

रामेश्वर शर्मा ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार का उद्देश्य राज्य में कानून और व्यवस्था बनाए रखना है, और जो लोग कानून को हाथ में लेते हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

छतरपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में तल्खी बढ़ गई है। एक तरफ कांग्रेस इसे संविधान का उल्लंघन बता रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे कानून व्यवस्था के तहत आवश्यक कार्रवाई मान रही है। इस मुद्दे पर दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी और तीखी प्रतिक्रिया का दौर जारी है।

Latest News

सरकार ने फिल्मों और OTT कंटेंटे के लिए नियमों में किया बदलाव, अब करना होगा ये काम

केंद्र सरकार ने सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेद तथा व्यापार और वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय और वितरण...

More Articles Like This