सूरजपुर/ 16 मार्च 2026/ चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर माता कुदरगढ़ी की पुण्यभूमि एक बार फिर भक्ति, संस्कृति और उल्लास से सराबोर होने जा रही है। सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ में तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक किया जाएगा। आस्था और उत्सव के इस अनूठे संगम में जिले के नागरिक, श्रद्धालु एवं संस्कृति प्रेमी अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगें।
महोत्सव के प्रथम दिन 23 मार्च को सुप्रसिद्ध ’’भजन बैंड-लीला’’ अपनी मनमोहक भक्तिमय प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर करेगें। वहीं महोत्सव के समापन दिवस 25 मार्च को सुप्रसिद्ध गायिका सीर्ली सेटिया अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, जो निःसंदेह महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। तीनों दिन स्थानीय एवं छत्तीसगढ़ी कलाकारों द्वारा भक्तिमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो क्षेत्र की लोक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत करेंगी।
यह तीन दिवसीय महोत्सव 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायत कुदरगढ़, विकासखंड ओड़गी, जिला सूरजपुर में आयोजित होगा। प्रतिदिन दोपहर 2ः00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा, जो देर शाम तक दर्शकों को बांधे रखेगा।
जिला प्रशासन सूरजपुर ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी गरिमामय उपस्थिति से महोत्सव को भव्य बनाएं।
चैत्र नवरात्रि की पावन बेला में सजेगा कुदरगढ़, सीर्ली सेटिया समेत स्थानीय व नामचीन कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू
Must Read

