Gold Rate Today: सोमवार को सोने की कीमतों में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड डील से वैश्विक कारोबारी जगत को बड़ी राहत मिली है, जिसके कारण ट्रेड वॉर और टैरिफ वॉर के संकटों में काफी कमी आई है। रूस के सीजफायर प्रस्ताव और भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकने से भू-राजनीतिक तनाव में भी गिरावट आई है, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ा है। घरेलू और वैश्विक दोनों स्तरों पर सोने के भाव में बड़ी गिरावट आई है। सोमवार सुबह एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 जून 2025 की डिलीवरी वाला सोना 2.55% या 2458 रुपये की गिरावट के साथ 94,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, 5 अगस्त 2025 की डिलीवरी वाला सोना 2.49% या 2422 रुपये की गिरावट के साथ 94,771 रुपये प्रति 10 ग्राम पर देखा गया।
वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में भी गिरावट आई है। सोमवार सुबह कॉमेक्स पर सोने का वैश्विक भाव 1.75% या 59.80 डॉलर की गिरावट के साथ 3,284.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था। इसके अलावा, वैश्विक हाजिर सोने का भाव 1.39% या 46.30 डॉलर की गिरावट के साथ 3,278.68 डॉलर प्रति औंस पर था।
चांदी की कीमतों में हालांकि तेजी आई है। कॉमेक्स पर चांदी का वायदा भाव 0.38% या 0.13 डॉलर की बढ़त के साथ 33.04 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि वैश्विक हाजिर चांदी का भाव 0.42% या 0.14 डॉलर की बढ़त के साथ 32.86 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था।