सक्ती। अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी वृत्त सक्ती द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। गश्त के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम सोंठी, थाना सक्ती में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि फेकूराम सतनामी (62 वर्ष), पिता अजबराम, अपने घर में अवैध शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखे हुए है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां आरोपी के घर के बाथरूम की एस्बेस्टस शीट में लकड़ियों की मदद से छिपाकर रखे गए 24 प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए। प्रत्येक पाउच में 250 मिली महुआ शराब थी। कुल 6 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई सक्ती कलेक्टर के निर्देश और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी आरक्षक संजीव भगत, परसराम कहरा, कमलेश यादव और भारती यादव ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
