|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का बड़ा आरोप लगा है। शासन ने इस मामले में सतर्कता (विजिलेंस) जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह (पुलिस सेवाएं) विभाग द्वारा जारी आदेश संख्या 3-पु.से.1-2025 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
प्रमुख सचिव, सतर्कता विभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) की रिपोर्ट के अनुसार डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला ने अस्वाभाविक एवं आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। यह संपत्तियां स्वयं, परिवार के नाम और बेनामी रूप से खरीदी गई हैं।
92 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, 3 जगहों के दस्तावेज गायब
एसआईटी जांच रिपोर्ट के अनुसार, शुक्ला ने लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की है। इनमें से 12 स्थानों की संपत्तियों का बाजार मूल्य लगभग 92 करोड़ रुपये आंका गया है। इसके अलावा तीन अन्य स्थानों की संपत्तियों के दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं, जिनके शुक्ला के पैन नंबर से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं।
एसआईटी की जांच में यह भी सामने आया है कि कानपुर के आर्यनगर क्षेत्र में शुक्ला की 11 दुकानें हैं, जो उनके साथी देवेंद्र दुबे के नाम पर बेनामी संपत्ति के रूप में दर्ज हैं।

