भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, 3 लोगों ने चाकु से किया हमला
मध्यप्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेता मंगन सिद्दीकी पर जानलेवा हमला हुआ है। 3 लोगों ने उनपर चाकुओं से हमला किया है। हमले में भाजपा नेता सिद्धीकी के गले में गहरी चोटें आई हैं। सिद्धकी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ बीजेपी नेता मुहिम चला रहे थे और नशीले इंजेक्शन के खिलाफ कई बार पुलिस को ज्ञापन दे चुके थे। आरोपी भी नशे के कारोबार से जुड़ा है। हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल विक्टोरिया में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने देर रात 3 बजे आरोपियो को हिरासत में लिया है।
हमला जबलपुर अधारताल थाना इलाके के कृषि विश्वविद्यालय गेट पर हुआ। रविवार देर रात सिद्दीकी पर चाकुओं से 3 लोगो ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू उनके गले के आर-पार हो गया। सिद्दीकी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पूर्व मंडल अध्यक्ष जीएस ठाकुर का कहना है कि उनकी हत्या करने का जिस तरह से प्रयास किया गया है वह संगीन अपराध है।