रायगढ़। रायगढ़ शहर में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सफेद रंग की क्रेटा कार सवार युवक ने एक युवती को जबरन खींचकर गाड़ी में बैठा लिया और तेजी से फरार हो गया। होली के त्योहार के बीच हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी, लेकिन एक मुस्तैद यातायात आरक्षक की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सोशल मीडिया पर फैला वीडियो, SSP हुए सक्रिय
घटना रविवार शाम की है। जब युवती को जबरन ले जाते देखा, तो इसकी खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने पूरे शहर में नाकाबंदी के आदेश दिए। कंट्रोल रूम से वायरलेस पर संदेश गूंजने लगा और हर चेकप्वाइंट पर गाड़ियों की तलाशी शुरू कर दी गई।
चेकप्वाइंट पर जांबाज आरक्षक ने रोका रास्ता
संदिग्ध क्रेटा कार तेज रफ्तार में इंदिरा विहार चेकप्वाइंट की ओर बढ़ रही थी। वहां तैनात यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा ने बहादुरी का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर कार को बीच रास्ते में रुकवाया।
आरक्षक ने जैसे ही कार रुकवाई, युवती ने अंदर से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस ने तुरंत युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और युवक को हिरासत में ले लिया।
आरक्षक सुनील मिश्रा की इस त्वरित कार्रवाई की शहर भर में सराहना हो रही है।
जांच में निकला पारिवारिक विवाद
पुलिस ने बताया कि मामला पूरी तरह अपहरण का नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद से जुड़ा है।
पुलिस का आधिकारिक पक्ष: “युवती और युवक एक-दूसरे के परिचित हैं। उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक उसे जबरन ले जाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया है और युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।”
होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
SSP शशि मोहन सिंह ने इस घटना के बाद स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग करने वालों और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
