CG NEWS बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में सीआरपीएफ के जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान मनीष कुमार आदिले के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरहाडबरी गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी। जवान का परिवार बिलासपुर स्थित उनके मकान में निवास करता है। मनीष कुमार आदिले गुरु घासीदास जयंती पर्व मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आए हुए थे।
बताया जा रहा है कि मनीष कुमार आदिले अपने मित्र उदय पाल के साथ गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होने हरदीबाजार गए थे। समारोह के बाद दोनों बाइक से बिलासपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सीआरपीएफ जवान मनीष कुमार आदिले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी उदय पाल को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृत जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद से आरोपी चालक वाहन सहित फरार बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद से जवान के परिवार में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
