भाजपा ने संशोधित कर जारी की दूसरी सूची
लोकसभा चुनाव 2024 के ऐलान से पहले ही भाजपा ने अपने 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने कल देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 10 राज्यों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी। लेकिन पहली सूची जारी करने के कुछ ही घंटे बाद असम राज्य के लिए एक अन्य सूची जारी की है। बता दें कि भाजपा ने अपनी पहली सूची में असम की 14 लोकसभा सीटों में से 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वहीं अन्य सीटों पर भाजपा सहयोगी दल के साथ मैदान में उतरेगी।
मिली जानकारी के अनुसार भाजपा ने कल जो उम्मीदवारों की सूची जारी की थी उसमें 11 सीटों के प्रत्याशियों का नाम शामिल था। लेकिन इस सूची में पार्टी ने कई ऐसी सीट के लिए भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया था जो परिसीमन के बाद खत्म कर दिए गए हैं। वहीं, आज भाजपा ने नई सूची जारी कर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और नाम को सही किया है।
भाजपा की ओर से जारी नई सूची के अनुसार, दिलीप सैकिया दरांग उदलगिरि से चुनाव लड़ेंगे, अमर सिंग तिस्सो दीफू से चुनाव लड़ेंगे, रंजीत दत्ता तेजपुर से चुनाव लड़ेंगे. सुरेश बोरा नागांव से और कामाख्या प्रसाद तासा काजीरंगा से चुनाव लड़ेंगे। असम में मंगलदाई और कलियाबोर जैसी कुछ सीटें, जो अब लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र नहीं हैं, का उल्लेख सूची में किया गया था और उनके आगे उम्मीदवारों के नाम भी उल्लिखित थे।