नक्सलियों के इलाके से आए बच्चों से मिले अमित शाह:नवा रायपुर में 204.84 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए इनमें, रेलवे स्टेशन, स्कूल शामिल

Must Read

रविवार को नवा रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर से आए बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने 204 करोड़ की लागत के कई प्रोजेक्ट्स का उद्धाटन भी किया। इनमें नवा रायपुर में रेलवे स्टेशन, वर्ल्ड क्लास स्कूल जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके बाद ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ अभियान की शुरुआत की। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शाह ने पेड़ भी लगाया। दोपहर बाद शाह दिल्ली लौट गए उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विदा ली।

नवा रायपुर के रिसॉर्ट में सरकारी बैठकों के बाद शाह ने माओवाद आतंक प्रभावित बीजापुर जिले के पालनार कैम्प के आस-पास के 31 युवाओं से मुलाकात की। ये सभी पहली बार राजधानी रायपुर देखने आए थे। सभी से शाह ने हाल-चाल पूछा फिर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव और श्री विजय शर्मा , वन मंत्री केदार कश्यप भाजपा नेता सरोज पांडे के साथ ग्रुप फोटो क्लिक करवाई। इन युवाओं ने मॉल देखा, मंंत्रालय, पुरखौती मुक्तांगन देखा, अब सोमवार को गंगरेल बांध घूमते हुए वापस बीजापुर लौट जाएँगे।

अमित शाह ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत रेलवे स्टेशन, स्मार्ट रोड, पार्किंग एवं स्मार्ट स्कूल सहित 204.84 करोड़ रूपए की लागत से तैयार अलग-अलग प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। नवा रायपुर अटल नगर से अन्य शहरों की कनेक्टीविटी के लिए बिछाई गई रेलवे लाईन में शहर के मध्य रेलवे स्टेशन की सुविधा उपलब्ध होगी। यह स्टेशन 75 करोड़ रूपए की लागत से तैयार की गई है।

नवा रायपुर में शुरू किए गए प्रोजेक्ट्स।

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण 4 रेलवे स्टेशन निर्माण कर रहा है। नवा रायपुर अटल नगर में लगभग 5.3 किलोमीटर में स्मार्ट सडक एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण 35.25 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है। 100 बस के अतिरिक्त 148 कार, टैक्सी और लगभग 250 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा 23.12 करोड़ रूपए की लागत से विकसित की गई है।

विश्वस्तरीय स्मार्ट स्कूल- राखी गांव में विश्वस्तरीय स्मार्ट स्कूल बना है। 18 करोड़ रूपए की लागत से हायर सेकेण्डरी स्कूल तैयार किया गया है। इससे 1200 से ज्यादा बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा का माहौल मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा हेतु 11 करोड़ रूपए की लगात से भवन निर्मित किया गया है। इस स्कूल में 950 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। नवा रायपुर अटल नगर के 11 ग्रामों में 10.35 करोड़ रूपए की लागत से प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों का उन्नयन किया गया है, जिससे लगभग 4300 स्कूली बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।

अमित शाह ने लगाया पौधा।

भू-संवर्धन एवं वृक्षारोपण- बागवानी कार्य में जल निकायों का विकास के लिए 16 करोड़ रूपए की लागत से मंत्रालय के निकट जल संवर्धन, नालों, तालाबों को पुनर्जीवित करना एवं वृक्षारोपण का कार्य किया गया है। इसके अलावा वर्षा जल की प्राकृतिक धाराओं को विकसित कर भू-जल स्तर को बढाने के लिए 16.12 करोड़ रूपए की लागत से आवश्यक कार्य एवं नये तालाबों का निर्माण तथा वृक्षारोपण कार्य किये गये है।

एक लाख पौधों का होगा रोपण- नवा रायपुर अटल नगर द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान अंतर्गत ‘‘पीपुल फॉर पीपल’’ कार्यक्रम में एक लाख से अधिक स्थानीय प्रजाति के बड़े पेड़ रोपे जाएंगे। वर्तमान में 21,000 से अधिक पीपल के वृक्ष लगाये जा चुके हैं। नवा रायपुर अटल नगर का लक्ष्य है कि शहर में किसी भी स्थान पर खड़े होने पर पीपल का वृक्ष दिखाई दे। पीपल का वृक्ष 100 वर्षों से अधिक एवं 24 घण्टे जीवनदायिनी वायु प्रदान करने वाला वृक्ष है।

Latest News

*कवर्धा कांड पर सरकार की बड़ी कार्रवाई: कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी अभिषेक पल्लव हटाए गए, नए अधिकारी नियुक्त*

कवर्धा। कवर्धा कांड के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण बदलाव...

More Articles Like This