Tuesday, February 24, 2026

कांग्रेसी विधायक बालेश्वर साहू सहित दो सहयोगी पर दर्ज, 42 लाख की ठगी का मामला

Must Read

चांपा। जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालेश्वर साहू और उनके सहयोगी गौतम राठौर के खिलाफ करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। सरवानी गांव निवासी किसान राजकुमार शर्मा की शिकायत पर चांपा पुलिस ने यह कार्रवाई की है। किसान का आरोप है कि दोनों ने किसान क्रेडिट कार्ड लोन दिलाने का झांसा देकर उससे 42 लाख 78 हजार रुपए हड़प लिए।

ऐसे हुआ खुलासा

शिकायतकर्ता किसान के अनुसार, वर्ष 2015 से 2020 के बीच बालेश्वर साहू बम्हनीडीह सहकारी बैंक में मैनेजर के पद पर थे और गौतम राठौर विक्रेता के रूप में कार्यरत था। इसी दौरान दोनों ने किसान को लोन दिलाने का आश्वासन देकर 10 ब्लैंक चेक और एचडीएफसी बैंक में दो खाते खुलवाए। आरोप है कि इन चेकों पर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर रकम धीरे-धीरे निकाली गई। पहली बार 15 जनवरी 2015 को 51 हजार रुपए निकाले गए थे, इसके बाद रकम बढ़ती गई और कुल 42 लाख 78 हजार रुपए निकाल लिए गए।

किसान का कहना है कि रकम का एक हिस्सा विधायक की पत्नी आशा साहू के खाते में भी ट्रांसफर किया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब 2020 में एचडीएफसी बैंक चांपा से कॉल आया और निकासी की जानकारी मांगी गई। डिटेल निकलवाने पर ठगी की सच्चाई सामने आई।

पुलिस की जांच में प्रमाण मिले

शिकायत मिलने पर पुलिस ने पीड़ित किसान, उसकी पत्नी और मां के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान सहकारी बैंक कर्मचारियों व गवाहों के बयान भी लिए गए। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2020 की एक निकासी पर्ची में बालेश्वर साहू का मोबाइल नंबर दर्ज मिला, जिससे आरोप पुख्ता हुआ।

विधायक और सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज

चांपा पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर धारा 420 (धोखाधड़ी), 468 (जालसाजी), 267 (सरकारी दस्तावेज का गलत इस्तेमाल) और 34 (साझा अपराध) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब आगे की जांच के बाद गिरफ्तारी और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

    Latest News

    Murder Case : CCTV में कैद हैवानियत , पुरानी रंजिश में नितिन की हत्या जान बचाने के लिए भागता रहा युवक

    Murder Case , ग्रेटर नोएडा — थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लुक्सर में मंगलवार को...

    More Articles Like This