श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा, 14 राज्यों और 3970 किमी के सफर के बाद राहुल गांधी ने लाल चौक में फहराया तिरंगा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई ये यात्रा 14 राज्यों से गुजरते हुए 3970 किलोमीटर की दूरी तय कर अब जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंच चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को यात्रा के श्रीनगर पहुंचने पर ऐतिहासिक लाल चौक जाकर तिरंगा फहराया।
राहुल गांधी के श्रीनगर शहर के ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन भी एक्शन में नजर आया। सुरक्षा-व्यवस्था को देखते हुए लाल चौक को सील कर दिया गया था और आम नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। राहुल गांधी के साथ इस दौरान उनकी बहन प्रियंका गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी नजर आए।
इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह 11 बजे पंथा से हुई। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दोपहर में श्रीनगर के लाल चौक पहुंची। पंथा से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पार्टी की जम्मू कश्मीर यूनिट के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रीनगर के लाल चौक पर साल 1992 में 26 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के तत्कालीन अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने तिरंगा फहराया था। तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और मुरली मनोहर जोशी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक एकता यात्रा निकाली थी। उस यात्रा का समापन श्रीनगर के लालचौक पर तिरंगा फहराने से होना था। तब नरेंद्र मोदी बीजेपी के महासचिव थे. 26 जनवरी 1992 को मुरली मनोहर जोशी ने नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर लाल चौक पर झंडा फहरा दिया।