Robbery at bank officer’s house, empty house, mobile and gold jewelry as well as school bags were taken away by thieves
बिलासपुर के ग्राम बिजौर में चोरों ने बैंक अधिकारी के सूने मकान के धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल पार कर दिया। चोर अपने साथ बच्चे का स्कूल बैग भी ले गए। अधिकारी ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।
सरकंडा क्षेत्र के ग्राम बिजौर में रहने वाले सुनील कुमार गुप्ता बेलगहना स्थित बैंक में सीनियर असिस्टेंट हैं। शनिवार की सुबह वे परिवार के साथ जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सरवानी गए थे। वहां पर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रविवार की शाम पांच बजे घर लौटे। उन्होंने अपने मकान का ताला खोलने की कोशिश की। चाबी से ताला नहीं खुलने पर वे परेशान होने लगे। इसी बीच उनकी नजर पास में ही पड़े एक चाबी के गुच्छे पर पड़ी। उन्होंने उससे ताला खोलने का प्रयास किया। इससे उनके मकान का ताला खुल गया। ताला खोलकर जब वे अंदर गए तो दूसरे कमरों का ताला टूटा हुआ था। ताला तोड़कर चोरों ने कमरे में रखी आलमारी से सोने का हार, सोने की चेन, तीन सोने की अंगुठी, चार सोने की चुड़ी, एक जोड़ी सोने की बाली, एक जोड़ी सोने का झुमका, सोने का मंगलसूत्र, चांदी का पायल गायब थे। इसके साथ ही चोर एक मोबाइल और बच्चे का स्कूल बैग भी ले गए।
बैंक अधिकारी ने बताया कि चोरों ने उनके मकान का ताला किसी दूसरी चाबी से खोला। इसके बाद उन्होंने मकान में दूसरा ताला लगा दिया था। मकान में लगा दूसरा ताला भी उनकी कालोनी का ही है। उनकी शिकायत पर पुलिस कालोनी में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आसपास के संदिग्धों की भी जानकारी ली गई है। पुलिस को आशंका है कि घटना को कालोनी से जुड़े लोगों ने ही अंजाम दिया है। इसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।