सूरजपुर/26 फरवरी 2026/ जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। इसके प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस संबंध में जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 एवं 24 फरवरी को जिला पंचायत सूरजपुर के सभागार में आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक श्री दीपक बी. गोड एवं श्री बैद्यनाथ कुमार ने सरल एवं सहज तरीके से किया। प्रशिक्षण का शुभारंभ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, जिला सूरजपुर की उपस्थिति में किया गया।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला जनगणना लिपिक, सभी तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा चार्ज एवं चार्ज लिपिकों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में जनगणना के प्रथम चरण की प्रक्रियाओं, प्रपत्रों के संधारण, आंकड़ों के संकलन तथा कार्य की समय-सीमा के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित अवधि में कार्य को पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।
Must Read
