कोरबा । छत्तीसगढ़ के बालको थाना क्षेत्र के मुड़धुवा गांव में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
गोवा से लौटा पति, विवाद के बाद कर दी हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता था। बीती रात वह गांव स्थित अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी गीता तिर्की (36 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी मृतका
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपी पति और बड़ा बेटा गोवा में मजदूरी करते थे। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखा गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
