जांजगीर-चांपा: कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट घेराव कर विष्णु देव साय सरकार पर साधा निशाना, किसान-मजदूर विरोधी नीतियों का लगाया आरोपजांजगीर-चांपा जिले में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का जोरदार घेराव किया। डीजे की धुन पर नारे लगाते और तख्तियां थामे बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेष राज हरवंश, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए।चरणदास महंत ने कहा, “विष्णु देव साय सरकार किसान-मजदूर विरोधी है। धान खरीदी, समर्थन मूल्य, मनरेगा भुगतान में अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन सरकार चुप है। किसान हक के लिए भटक रहा है, मजदूर रोजगार की तलाश में ठोकरें खा रहा है। कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।

”बालेश्वर साहू ने विकास कार्य ठप होने, महंगाई-बेरोजगारी पर चिंता जताई। ब्यास कश्यप ने किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। शेष राज हरवंश ने मजदूर अधिकारों की उपेक्षा पर नाराजगी जताई। राघवेंद्र सिंह ने कहा, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी। राजेश अग्रवाल ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।प्रदर्शन में “किसान विरोधी सरकार हाय-हाय”, “मजदूरों का हक दो” जैसे नारे गूंजे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा, लेकिन नेताओं के बयानों से साफ है कि सियासी तनाव बढ़ सकता है
