जगदलपुर, 16फरवरी 2026/ कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने सोमवार को बस्तर जिले के नानगुर तहसील मुख्यालय में तहसील कार्यालय सहित सीएचसी एवं सेजेस का किया आकस्मिक निरीक्षण कर तहसील कार्यालय एवं सीएचसी में आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। सीएचसी में ओपीडी एवं अंतः रोगी कक्ष में मरीजों को समुचित उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।वहीं सेजेस नानगुर में शिक्षक शिक्षिकाओं की नियमित उपस्थिति और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने हाइस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर ने प्रत्येक महीने तीसरे शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल में साफ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कार्यालयीन दस्तावेजों-नस्तियों का समुचित रखरखाव करने तथा अनुपयोगी सामग्रियों का नियमानुसार अपलेखन किए जाने कहा।
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने तहसील कार्यालय में आधार बेस उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व प्रकरणों के निराकरण स्थिति का संज्ञान लिया और पक्षकारों की सहूलियत का ध्यान रखते हुए नियमित रूप से कोर्ट में सुनवाई कर प्रकरणों को नियत समयावधि में निराकृत किए जाने कहा। उन्होंने स्कूली एवं कॉलेज छात्र छात्राओं को प्राथमिकता के साथ जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्रदाय किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरतमंदों को जल्द से जल्द जन्म एवं मृत्य प्रमाण पत्र प्रदाय करने के लिए संवेदनशीलता के साथ पहल किए जाने कहा। कमिश्नर ने तहसील कार्यालय में लोक सेवाओं की उपलब्धता के लिए लोक सेवा केन्द्र को सुचारू ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
आम जनता को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने समर्पित होकर करें दायित्व निर्वहन
कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने सीएचसी नानगुर के निरीक्षण के दौरान मैदानी स्वास्थ्य अमले की बैठक में कहा कि आम जनता को समर्पित होकर अपनी सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने लक्षित माताओं एवं बच्चों के सम्पूर्ण टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों को धरातल पर बेहतर ढंग से पहुंचाने कहा। आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए छूटे हुए व्यक्तियों को लक्षित कर शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सहित उन्हें संस्थागत प्रसव सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान केंद्रित करें। मोतियाबिंद पीड़ितों के जांच एवं उपचार पर फोकस करें और चिन्हित मरीजों को जिला अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में आपरेशन सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। उन्होंने मोतियाबिंद आपरेशन के लिए दो आंख में मोतियाबिंद पीड़ितों को सबसे पहले प्राथमिकता देने कहा। कमिश्नर ने अपने भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र नानगुर-एक का भी औचक निरीक्षण कर लक्षित माताओं एवं बच्चों को समेकित बाल विकास सेवाओं की उपलब्धता का संज्ञान लिया। इस दौरान तहसीलदार दीपिका देहारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
