सक्ती। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो स्वयं आधी रात को धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण पर निकले। इस औचक कार्रवाई से जिले में कोचियों, बिचौलियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
इसी दौरान बरपालीकला के निकट कोरबा रोड पर अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 150 कट्टी धान से भरी माजदा वाहन को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद वाहन को नगरदा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है तथा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी कार्य पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में सीईओ जिला पंचायत सहित विभिन्न नोडल अधिकारी दिन-रात फील्ड में रहकर खरीदी केंद्रों, परिवहन और भंडारण व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन या बिचौलियों की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देश पर जिले भर में त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
