Getting your Trinity Audio player ready...
|
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर 26 बेकसूरों की जान को भगवान के भरोसे छोड़ने का आरोप लगाया और राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रियंका गांधी ने लोकसभा में कहा,
“मैं उन सभी जवानों को नमन करना चाहती हूं, जो देश की सीमाओं, रेगिस्तानों, बर्फीली पहाड़ियों और जंगलों में दिन-रात डटे रहते हैं। 1948 से अब तक, जब भी पाकिस्तान की ओर से कश्मीर पर हमला हुआ, हमारे जवानों ने ही देश की अखंडता की रक्षा की है।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि,
“22 अप्रैल 2025 को 26 निर्दोष लोगों की हत्या हुई। रक्षा मंत्री ने संसद में एक घंटे का लंबा भाषण दिया, लेकिन इस हमले का कोई ज़िक्र नहीं किया। क्या सरकार इस सवाल का जवाब देगी कि यह हमला कैसे और क्यों हुआ?”
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए पूछा:
“देश के नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या प्रधानमंत्री की नहीं? क्या गृह मंत्री की नहीं? क्या रक्षा मंत्री की नहीं? क्या NSA की नहीं?”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि,
“क्या गृहमंत्री ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया?”
कांग्रेस सांसद के इस हमले के बाद लोकसभा में हलचल मच गई। विपक्षी दलों ने प्रियंका गांधी के सवालों का समर्थन किया और सरकार से जवाब मांगा।
इस बीच, सरकार की ओर से इस पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है। पहलगाम हमला एक बार फिर संसद के भीतर राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।