Getting your Trinity Audio player ready...
|
कोरबा, 10 जुलाई 2025। कोरबा के बालको क्षेत्र में जलभराव की समस्या ने सियासी गर्मी बढ़ा दी है। कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। गुरुवार को प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री और कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
उन्होंने बालको प्रबंधन और नगर पालिका पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। अग्रवाल ने कहा कि कूलिंग टावर बनाने के बाद बालको ने नाले को बंद कर दिया, जिससे जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। इसका खामियाजा सैकड़ों परिवार भुगत रहे हैं।
भाजपा पर वसूली और चोरी के आरोप
पूर्व मंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पाली-सराईपाली कोयला खदान में डीजल और कोयले की चोरी हो रही है। भाजपा के दो गुट आपस में रंगदारी को लेकर भिड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि बालको की अव्यवस्था और भाजपा नेताओं की मिलीभगत के चलते आम लोगों की संपत्ति और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भाजपा का पलटवार
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में कोरबा में 28 रुपए किलो की कोयला लेवी में बड़ा घोटाला हुआ। इसमें जिले की पूर्व कलेक्टर जेल में हैं और मुख्यमंत्री के पूर्व सचिव भी जेल की सलाखों के पीछे हैं। मोदी ने कहा कि इस घोटाले में और भी कई बड़े चेहरे जल्द कानून के शिकंजे में आएंगे।
जलभराव से लोग परेशान
जलभराव से बालको क्षेत्र में सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी ठप हो गई है। कांग्रेस ने प्रशासन से तत्काल राहत और स्थाई समाधान की मांग की है। वहीं भाजपा ने इसे कांग्रेस का राजनीतिक ड्रामा करार दिया।