Getting your Trinity Audio player ready...
|
IPL 2025 के 69वें मैच में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस का सामना आज, 26 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होगा। दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं और अब उनका लक्ष्य टॉप-2 में जगह बनाना है। पंजाब किंग्स इस समय 13 मैचों में 17 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। टॉप-2 में बने रहने के लिए पंजाब को मुंबई इंडियंस को हराना होगा और साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हारने की भी उम्मीद करनी होगी।
पंजाब की जीत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला बेहद अहम रहेगा। इस सीजन वह शानदार फॉर्म में हैं और टीम के टॉप रन स्कोरर भी हैं, जिनके नाम 13 मैचों में 488 रन, औसत 48.80 और स्ट्राइक रेट 172.43 है। उन्होंने अब तक 5 अर्धशतक लगाए हैं। आज के मैच में अय्यर की कोशिश एक बड़ी पारी खेलने की होगी ताकि टीम को जीत दिला सकें और ऑरेंज कैप की रेस में भी ऊपर पहुंच सकें। इस दौरान उनके सामने एक खास रिकॉर्ड भी है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ एक छक्के की जरूरत है।
श्रेयस अय्यर IPL में बतौर कप्तान अब तक 99 छक्के लगा चुके हैं। अगर वह आज एक और छक्का मारते हैं, तो IPL इतिहास में बतौर कप्तान 100 छक्के पूरा करने वाले छठे खिलाड़ी बन जाएंगे। अब तक इस रिकॉर्ड को सिर्फ पांच कप्तानों ने हासिल किया है, जिनमें महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और केएल राहुल शामिल हैं। धोनी अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिनके नाम IPL में 200 से ज्यादा छक्के हैं।
IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान:
- महेंद्र सिंह धोनी – 223
- विराट कोहली – 168
- रोहित शर्मा – 158
- डेविड वॉर्नर – 109
- केएल राहुल – 105
- श्रेयस अय्यर – 99
- संजू सैमसन – 99