यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा का शुक्रवार को पहला दिन है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक हुई। इस दौरान आगरा में एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। आधार कार्ड से छेड़छाड़ करके परीक्षा दे रहा था।
परीक्षा केंद्रों पर सख्ती रही। कानपुर में परीक्षार्थियों के जूते-चप्पल उतरवाए। लड़कियों के जूड़े खुलवाए। लखनऊ में राखी-कलावा तक उतरवा दिए। परीक्षा केंद्रों पर 9.30 बजे तक एंट्री दी गई। इसके बाद गेट बंद कर दिए गए। अब दूसरी शिफ्ट की एंट्री शुरू हो गई है।
प्रदेश के 67 जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए। 1154 परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। एग्जाम को लेकर पूरी सरकारी मशीनरी एक्टिव है। यूपी पुलिस से लेकर एसटीएफ की पैनी नजर है। डीजीपी प्रशांत कुमार खुद गोमती नगर के एक परीक्षा केंद्र पहुंचे।
लखनऊ में पेपर लीक की अफवाह फैलाने पर सपा के पूर्व मंत्री यासर शाह के X एकाउंट के खिलाफ FIR की गई। पुलिस जल्द ही उनसे पूछताछ कर सकती है।