Clouds started clearing.. Temperature increased due to strong sunshine..
रायपुर | धीरे- धीरे बादल छंटने के साथ धूप तेज हो रही है और तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अभी भी बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवेश हो रहा है। 26 अप्रैल को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, फिर भी एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
गुरुवार को राजधानी रायपुर व आसपास 40 फीसदी बादल थे। रह-रहकर धूप भी निकल रही थी। मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान रायपुर में 40, माना में 40, दुर्ग में 42.2, राजनांदगांव में 42, बिलासपुर में 41.6, पेण्ड्रारोड में 39.6, अंबिकापुर में 39, जगदलपुर में 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। पिछली रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस था ।
मौसम विशेषज्ञ एच.पी. चंद्रा के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिणी ईरान के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 9.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य मध्यप्रदेश के दक्षिणी भाग में 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक है। एक द्रोणिका मध्य मध्यप्रदेश के दक्षिणी भाग से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि का क्रम बने रहने की संभावना है किंतु विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश के कुछ जिलों में हल्के बादल रह सकते हैं।