CG Weather Update: People got relief from the scorching heat..
बिलासपुर। द्रोणिका के असर से मौसम बदल चुका है। आसमान में चारों ओर बादलों का घेरा है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा। वातावरण में नमी महसूस हुई। ठंडी हवाएं भी चली। दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। पेंड्रा-गौरेला व मरवाही, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर सहित कई जिलों में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को भी आंधी संग हल्की वर्षा संभावित है।
मौसम का मिजाज बदलने के बाद पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। आमजन को भी गर्मी से काफी राहत मिली। स्कूली बच्चों के चेहरे भी खुशियां लौट आई हैं। आसमान में काले बादलों के आते ही वातावरण में गर्मी का असर कम हो गया है।
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका/ हवा की अनियमित गति अंदरूनी ओडिशा से कोमोरीन क्षेत्र तक छत्तीसगढ होते हुए, 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो गया है। आठ अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।