CG Weather Update : Possibility of thunderstorm and rain at some places in the state
CG Weather Update : प्रदेश में अब मौसम साफ होने लगा है। बादल छंटने के साथ पारा चढ़ने के पूरे आसार दिख रहे हैं। अनुमान है कि अगले 4 दिनों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी। गुरुवार को कुछ स्थानों पर अंधड़, बारिश की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि राजधानी में आकाश साफ रहने की संभावना है।
प्रदेश में मंगलवार की रात को ज्यादातर इलाकों में बारिश हुई। राजधानी रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां बुधवार को 30 फीसदी बादल थे। दिनभर धूप-छांव का दौर चला।
अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान रायपुर में 32.1, माना में 31.8, बिलासपुर में 28.8, पेण्ड्रारोड में 25.6, अंबिकापुर में 27.2, जगदलपुर में 27, दुर्ग में 32 और राजनांदगांव में 32.6 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को रायपुर में आकाश साफ रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एच. पी. चंद्रा के मुताबिक दक्षिण से आने वाली हवाओं का प्रभाव कम होने के कारण प्रदेश में 21 मार्च से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में क्रमशः वृद्धि की संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी छोर में आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं।