भारत घूमने आई स्पेन की महिला से गैंगरेप, पुलिस ने किया 3 आरोपियों को गिरफ्तार
झारखंड के दुमका जिले में स्पेन से भारत घूमने आई महिला के साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि मामला जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमा हाट का है। बताया जा रहा है कि यहां स्पेन की रहने वाली महिला घूमने पहुंची थी। महिला के साथ उसका पति भी था। विदेश से पति-पत्नी टूरिस्ट वीजा (tourist visa) पर भारत आए हुए थे। अन्य राज्यों में घूमने के बाद ये दोनों झारखंड के दुमका में पहुंचे थे। दोनों बाइक पर सवार होकर भागलपुर की ओर जा रहे थे। देर शाम हो जाने की वजह से हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमा हट के समीप दोनों विश्राम के लिए रुके थे। इस दौरान 8 से 10 लोग वहां पहुंचे। युवकों ने पहले उनके साथ मारपीट की और उन्होंने महिला के साथ गैंगरेप किया।
घटना के बाद पीड़िता खुद बाइक चलाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंची। पीड़िता को इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है।