युवक की सरेआम पीट पीटकर की हत्या, बचाने आई मां को किया निर्वस्त्र
मध्यप्रदेश के सतना जिले में 24 अगस्त की रात को एक दलित युवक की हत्या कर दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई युवक की मां को भी निर्वस्त्र कर पीटने के आरोप हैं।
पुलिस ने 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत 8 को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खुरई देहात थाने के बरोदिया नौनागिर गांव का है। यहां पर 18 वर्षीय लालू उर्फ नितिन अहिरवार की गुरुवार रात को गांव के ही दबंग युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि नितिन सब्जी लेने गया था, तभी उसे आरोपी युवकों ने घेर लियाा। इस दौरान बीच-बचाव करने आई मां को भी निर्वस्त्र कर पीटा गया। अस्पताल ले जाते वक्त नितिन की मौत हो गई। मृतक की बहन के मुताबिक, “भाई सब्जी लेकर आ रहा था तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और बहुत मारपीट की। मम्मी उसे बचाने गई तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। मैंने पुलिस को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला तो वो भी छीन लिया। मैंने उनसे भाई को छोड़ने की विनती की, लेकिन वे नहीं माने। मेरा भाई बेहोश हो गया। इसके बाद उन्होंने मां को भीड़ के सामने निर्वस्त्र कर दिया और भाग गए।”
बताया जा रहा है कि साल 2019 में आरोपियो ने मृतक नितिन की बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। इस संबंध में पीड़िता ने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका केस चल रहा था। आरोपी नितिन के परिवार पर समझौता करने का दबाव बना रहे थे। घटना के कुछ दिन पहले 3 लोगों ने नितिन के घर आकर समझौता करने का दबाव बनाया था और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रम सिंह ठाकुर, आजाद सिंह ठाकुर, इस्लाम खान, सुशील कुमार सोनी, अनीस खान, फरीम खान, अभिषेक रैकवार और अरबाज खान को गिरफ्तार किया है। ये सभी बरौदिया नौनागिर के रहने वाले हैं। एक आरोपी कोमल सिंह ठाकुर अभी फरार है। घटना में एक आरोपी सरपंच पति भी है, जो फरार चल रहा है। पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की है।