हरियाणा में 5 बजे तक 61% वोटिंग:जगाधरी में फर्जी मतदान पर हंगामा, नूंह-हिसार में झड़प; विनेश ने बूथ कैप्चरिंग के आरोप नकारे

Must Read

हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों पर शाम 6 बजे मतदान खत्म हो गया। चुनाव आयोग के शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, 61% मतदान हुआ है। आगे आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। 2019 के विधानसभा चुनाव में 68.20% मतदान हुआ था।

सबसे ज्यादा 66.28% वोटिंग नूंह में हुई। सबसे कम वोटिंग 49.97 प्रतिशत गुरुग्राम में हुई। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा।

नूंह में वोटिंग के दौरान 3 जगह बवाल हुआ। कांग्रेस, इनेलो-बसपा और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच पथराव हो गया। पथराव में 2 लोग घायल हुए हैं। बवाल को देखते हुए चंदेनी, ख्वाजा कलां और गुलालता में पुलिस बल की तैनाती की गई। डीएसपी सुरेंद्र भी गांव का दौरा करने पहुंचे।

उधर, जींद के जुलाना से कांग्रेस कैंडिडेट विनेश फोगाट ने बूथ कैप्चरिंग के आरोप नकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से पोलिंग हो रही है।

कई गांवों का दौरा किया, कहीं भी ऐसी शिकायत नहीं मिली। सुबह भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी ने कांग्रेस पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए थे। इस पर वह बूथ पर पहुंचे थे। जहां उनके साथ धक्का-मुक्की हुई थी।

  • यमुनानगर में फर्जी वोट डालने को लेकर AAP कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है।
  • पलवल में वोटिंग मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद अधिकारियों ने पुरानी मशीन को सील कर नई मशीन लगाई।
  • पानीपत में मतदान के बीच चाकू चल गए। इसराना विधानसभा के गांव नोहरा में बूथ पर वोटिंग को लेकर 2 पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें एक युवक को चाकू मारा गया।
  • करनाल के इंद्री में 4 से 5 युवकों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को वोट ना डालने को लेकर मारपीट की गई। घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
  • पंचकूला में BJP और कांग्रेस के वर्करों में झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जय श्रीराम के नारे लगाने को लेकर बहस हुई। पार्टी बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस नेता चंद्रमोहन बिश्नोई की पत्नी को देखकर जय श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे। इसका कांग्रेस वर्करों ने विरोध किया।
  • फतेहाबाद में मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ। इनेलो बसपा उम्मीदवार की प्रिजाइडिंग अधिकारी के साथ बहस हुई। आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली के भाई मनोज को बिना परमिशन मतदान केंद्र में प्रवेश करने दिया।
  • सोनीपत में मतदान केंद्र पर कवरिंग एजेंट बदलने पर विवाद हो गया। यहां पर कांग्रेस कैंडिडेट जगबीर मलिक भी पहुंचे। उनकी पुलिस के साथ बहस हुई। इसके साथ एक जगह वोट डालने को लेकर झगड़ा हुआ। इसमें 2 लोगों को चोटें आईं।
  • हिसार में पूर्व वित्त मंत्री एवं नारनौंद से भाजपा कैंडिडेट कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे पर बोगस वोटिंग कराने का आरोप लगाया।​
  • महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में मतदान के दौरान कांग्रेस और BJP वर्करों में झड़प हो गई। BJP का आरोप है कि कांग्रेस कैंडिडेट मंजू चौधरी के समर्थकों ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की।
  • रोहतक के महम से हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने कांग्रेस कैंडिडेट बलराम दांगी के पिता पर हमले का आरोप लगाया। धक्कामुक्की में उनके कपड़े फट गए।

यमुनानगर जिला की जगाधरी सीट में बूथ नंबर 184 पर फर्जी वोट डालने को लेकर AAP कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही SP और DC मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बूथ का निरीक्षण किया। पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है।हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि हमें उम्मीद है इस बार 70% मतदान होगा। मुझे गर्व है ऑफिसर्स ने हमें पूरा सहयोग दिया। हम उम्मीद करते हैं कि इसी तरह शांति पूर्वक मतदान पूरा होगा।

पलवल के हथीन विधानसभा में वोटिंग के बीच गांव अंधरोला में EVM मशीन में तकनीकी खराबी आ जाने से मतदान बंद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार करीब डेढ़ घंटे तक मतदान नहीं हो पाया। इस बीच मतदान केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी। इसके बाद सेक्टर अधिकारी लक्ष्मी नारायण ने पुरानी मशीन को सील कर उसकी जगह नई मशीन लगवा कर वोटिंग को दोबारा से चालू करवाया।

पानीपत में मतदान के बीच चाकू चल गए। मामला इसराना विधानसभा के गांव नोहरा में सामने आया। गांव नोहरा का कमल मां को वोट डलवाने के लिए बूथ नंबर 28 पर पहुंचा। इस दौरान अंदर बैठे एजेंट ने उन्हें वोट डालने से मना कर दिया, लेकिन कमल किसी तरह वोट डालकर बाहर पहुंचा। इस बीच सोनू उर्फ मोटा ने कमल के साथ मारपीट की। उसके बाद दोनों पार्टियों में झगड़ा हुआ। पत्थर भी बरसाए गए। इस दौरान सोनू के पेट में चाकू घोंप दिया गया। वहीं पत्थरबाजी में गाड़ी को नुकसान पहुंचा।

यहां बूथ पर वोटिंग को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें जॉनी नाम के आरोपी ने सोनू उर्फ मोटा को चाकू मारा है। जिसके बाद मतदान केंद्र पर तनाव का माहौल हो गया। इसे देखते हुए पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।पंचकूला के सेक्टर 17 में BJP और कांग्रेस के वर्करों में झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जय श्रीराम के उद्घोष को लेकर बवाल हुआ है। पार्टी बूथ पर भाजपा के वर्कर कांग्रेस नेता चंद्रमोहन बिश्नोई की पत्नी को देखकर जय श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे। इसका कांग्रेस वर्करों ने विरोध किया।
इसके बाद बात बढ़ गई और दोनों पार्टियों के वर्कर भिड़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे माने नहीं। इसके बाद मौके पर CRPF जवानों की एक बस बुलानी पड़ी। तब जाकर मामला शांत हुआ।

फतेहाबाद के रतिया में वार्ड नंबर 1 के बुजुर्ग को मृत दिखाकर उसकी वोट काटने का मामला सामने आया है। इसका पता उसे तब चला जब वह वोट डालने पहुंचा। हालांकि बाद में भंवर लाल की वोट डालने की भावना को समझते हुए अधिकारियों ने फार्म भरवा करके उनसे वोट डलवा दी।

फतेहाबाद के गांव सिधानी में कुछ देर के लिए मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई। इनेलो बसपा उम्मीदवार ने प्रिजाइडिंग अधिकारी से बहस शुरू कर दी और आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली के भाई मनोज को बिना परमिशन मतदान केंद्र में प्रवेश करने दिया। जिससे वोटिंग प्रभावित हो सकती थी। उन्होंने अधिकारी को कहा कि वो सरकार के दबाव में काम ना करें, जिसके जवाब में अधिकारी ने कहा कि दबाव नहीं है। काम शांति से चल रहा है।

सोनीपत जिला के गोहाना विधानसभा क्षेत्र में स्कूल में बने मतदान केंद्र पर कवरिंग एजेंट बदलने पर विवाद हुआ। यहां पर कांग्रेस कैंडिडेट जगबीर मलिक भी पहुंचे और उनकी पुलिस के साथ बहस भी हुई।

वहीं गांव महमूदपुर में बूथ के बाहर वोट डालने को लेकर झगड़ा हुआ है। इसमें दो व्यक्तियों को चोट आई है

गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर विधानसभा में भाजपा नेता जवाहर यादव ने लोगों से भरी 2 बसों को रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बस में बैठे लोग गुरुग्राम के नहीं हैं और ये बाहर से फर्जी वोट डालने के लिए पहुंचे हैं। फिलहाल अभी तक चुनाव आयोग की इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कुरुक्षेत्र जिला में वोटिंग के बीच 2 जगह झड़प हुई। पिहोवा के मुर्तजापुर में पोलिंग बूथ 152 नंबर पर कांग्रेस और भाजपा के समर्थक भिड़ गए। झगड़े के बाद पोलिंग रोक दी गई। यहां तनातनी का माहौल है। एसडीएम व एसएचओ मौके पर पहुंचे हैं। इसके साथ गांव अरुनाय में भी कांग्रेस और भाजपा के वर्करों में झड़प हो गई।

नूंह के चंदेनी गांव में कांग्रेस कैंडिडेट आफताब अहमद और इनेलो-बसपा उम्मीदवार ताहिर हुसैन के समर्थकों के बीच पथराव हुआ। इसको देखते हुए पोलिंग बूथ पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर DSP सुरेंद्र भी पहुंचे।

हिसार के गांव खांडा खेड़ी में पूर्व वित्त मंत्री एवं नारनौंद से भाजपा कैंडिडेट कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। पुलिस ने बीच बचाव करके दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बोगस वोटिंग कराने का आरोप लगाया।

​महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में मतदान के दौरान कांग्रेस और BJP वर्करों में झड़प हो गई। यहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुक्के बरसाए। BJP का आरोप है कि कांग्रेस कैंडिडेट मंजू चौधरी के समर्थकों ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की।

फतेहाबाद के बूथ नंबर 47 में वोट डालने पहुंची महिला बेहोश हो गई। इसके बाद साथ आए परिवार के सदस्यों ने उसे संभाला और ऑटो में बैठाकर अस्पताल ले गए। महिला प्रेम कुमारी शिव नगर की रहने वाली है।

जींद के जुलाना में अकालगढ़ गांव के बूथ नंबर एक को कैप्चरिंग करने की शिकायत मिली। सूचना मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी भी मौके पर पहुंचे। कैप्टन योगेश बैरागी का कुछ लोगों ने विरोध किया और उनके साथ धक्कामुक्की भी की। सूचना मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भूतपूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस की विनेश फोगाट के अलावा जेजेपी के दुष्यंत चौटाला समेत कुल 1031 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इनमें 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

राज्य में पहली बार 5 राजनीतिक दल- कांग्रेस, भाजपा, जननायक जनता पार्टी (JJP), इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और आम आदमी पार्टी (AAP) चुनाव मैदान में है। भाजपा और AAP को छोड़कर बाकी सभी दल दूसरे दलों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने CPI-M के साथ एक सीट पर गठबंधन किया है। वहीं जजपा, सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) के साथ, जबकि इनेलो, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।

सत्तारूढ़ बीजेपी राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रही है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद वापसी की उम्मीद कर रही है।

भिवानी में पोलिंग बूथ पर झड़प हो गई। यहां कमल प्रधान नाम के व्यक्ति ने कांग्रेस प्रत्याशी अनिरूद्ध के कार्यकर्ताओं पर हाथपाई के आरोप लगाए हैं। कमल ने खुद को BJP का एजेंट बताया है। सूत्रों के मुताबिक हाथापाई व दुर्व्यवहार के बाद कमल प्रधान ने जिला परिषद चेयरमेन अनिता मालिक से मुलाकात की।

रोहतक जिले की महम विधानसभा सीट से हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) के उम्मीदवार पूर्व विधायक बलराज कुंडू पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मदीना गांव में हुई धक्कामुक्की में उनके कपड़े फट गए और निजी सचिव घायल हो गए।

बलराज कुंडू ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी ने ये हमला कराया है।

फरीदाबाद के सेक्टर 17 मॉडर्न स्कूल में आचार संहिता का उल्लंघन का हुआ। यहां वोटर कांग्रेस प्रत्याशी का फोटो लगा पेपर लेकर पहुंचा।

हिसार सीट से निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल ने भी मतदान किया। सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला हैं। उनके बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से BJP के सांसद हैं। सावित्री को BJP ने टिकट नहीं दी तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।

पूर्व रेसलर और कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट ने अपने गांव बलाली में बूथ नंबर 128 पर मां प्रेमलता और भाभी सुमन के साथ मतदान किया। विनेश जींद जिले की जुलाना सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी हैं।

सोनीपत में सीआरजेड स्कूल में बूथ नंबर 156 और 160 पर ईवीएम मशीन खराब हो गईं। इस कारण से यहां मतदान शुरू नहीं हो सका। वोटरों का कहना है, ‘जैसे ही वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हुई वोट इनवैलिड का एरर आने लगा।’ वहीं पंचकूला जिले के फतेहपुर में बूथ नंबर 185 पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो पाया है।

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई पंचकूला में वोट डालने के लिए लाइन में लगे। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से चंद्र मोहन कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता हैं। ज्ञानचंद गुप्ता मनोहर लाल खट्‌टर और नायब सैनी के कार्यकाल में विधानसभा स्पीकर थे।

हिसार शहर के आईटीआई में बने बूथ नंबर 119 में दिलीप अपने परिवार के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। इनकी बाइपास सर्जरी हुई है। वोट करने से पहले दिलीप ने कहा कि वोट करना सबका अधिकार है। सारे काम छोड़कर सबसे पहले वोट करना चाहिए।

हरियाणा में सुबह 7 बजे सभी सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई। करनाल के प्रेम नगर स्थित 182 नंबर बूथ पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सबसे पहले वोट डाला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में बनने जा रही है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करने की अपील की।

Latest News

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के पोल ऑफ पोल्स:हरियाणा में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी के आसार, J&K में कांग्रेस-NC बना सकते हैं सरकार

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ रहे हैं।...

More Articles Like This