प्रदर्शन:पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश से बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने खदेड़ा

Must Read

भिलाई-3 थाना का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसियों को मंगलवार को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुलिस अफसरों का कहना है कि प्रदर्शन के लिए उनसे लिखित अनुमति नहीं ली गई थी। मौखिक रूप से शांतिपूर्ण प्रदर्शन का वादा किया था, फिर भी प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और थाने की ओर जाने लगे। समझाइश का असर नहीं होने पर लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों पर अब एफआईआर की तैयारी की जा रही है।

दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला रोककर दुर्व्यवहार करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने से कांग्रेसी नाराज चल रहे है। मंगलवार को इसी मुद्दे पर भिलाई-3 के सिरसा गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे सभा आयोजित की गई। करीब घंटेभर कार्यक्रम चलने के बाद एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इसके कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र होकर भिलाई-3 थाने की ओर बढ़ने लगे।

जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं रुके और आगे बढ़ने लगे। इस बीच गहमा-गहमी शुरू हो गई। दोपहर करीब 1.30 बजे के आसपास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ चल रहे कुम्हारी पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर समेत अन्य कांग्रेसियों पर पुलिस ने लाठियां बरसा दी। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।प्रदर्शनकारियों को दौड़कर खदेड़ने के दौरान जामुल थाना प्रभारी कपिल पांडेय का सिर फूट गया, जिससे खून निकल आया। इसके अलावा कई अन्य पुलिस कर्मियों को भी मामूली चोटें आई। ऐसे में टीआई को चोट कैसे लगी। इसकी जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने आदेश दे दिए हैं। वीडियो फुटेज के माध्यम से पता लगाया जाएगा कि उन्हें चोट कैसे लगी इसके अलावा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के लिए फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

भिलाई-3 थाना अंतर्गत बजरंग कार्यकर्ता को बंधक बनाकर मारपीट वाले में पुलिस ने चरोदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। मंगलवार की सुबह सीएसपी छावनी हरीश पाटिल के नेतृत्व में भिलाई-3 पुलिस के अलावा तीन टीआई जवानों के साथ सभापति कृष्णा चन्द्राकर के सिरसा कला स्थित निवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंचे। घर में चंद्राकर मौजूद नहीं थे। केवल परिवार की महिलाएं थी। पुलिस वारदात में इस्तेमाल सभापति के वाहन (सीजी07 एलआर 2121) को कब्जे में लेकर थाने ले आई। सूत्रों के मुताबिक पुलिस के आने की भनक लगने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभापति के घर पहुंच गए थे। उनके इंकार करने पर बिना किसी कार्रवाई के पुलिस बल वापस लौट गई।

दरअसल, बीते शाम निगम सभापति कृष्णा चन्द्राकर सहित अन्य कांग्रेसी नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ दुर्व्यवहार करने वाले आरोपियों के गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी लेने भिलाई-3 थाना पहुंचे थे। किसी की भी गिरफ्तारी नहीं होने की जानकारी मिलते ही सभी कांग्रेसी राम मंदिर के पास स्थित केजी फिटनेस जिम पहुंच गए, यहां पर उन्होंने जिम संचालक व बजरंग दल कार्यकर्ता पुष्पराज सिंह की तलाश की। नहीं मिलने पर पास के होटल में बैठकर चाय पी रहे अमित लखवानी से उसका नाम पूछा और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे गाड़ी में बिठाकर थाने के सामने छोड़कर भाग गए।घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को लेकर थाने के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी तरह एकता नगर मुक्तिधाम निवासी पुष्पराज सिंह (28 वर्ष) की रिपोर्ट पर कृष्णा चन्द्राकर, एस वेंकट रमना, पप्पू चन्द्राकर और नजरुल इस्लाम सहित अन्य के खिलाफ धारा 189 (2), 190, 296, 351 (2) के तहत जुर्म दर्ज किया।एसडीएम से परमिशन नहीं लेकर बिना अनुमति कांग्रेस कार्यकर्ता थाने का घेराव करने पहुंचे थे। एक थानेदार व कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। हुडदंग करने वालों की पहचान कर अपराध दर्ज किया जाएगा।

Latest News

सयुंक्त सचिव भारत सरकार एवं आकांक्षी जिला प्रभारी डॉ. शोभित जैन ने आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल का किया भ्रमण

जगदलपुर, 21 सितम्बर 2024/ भारत सरकार खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला प्रभारी अधिकारी...

More Articles Like This