Getting your Trinity Audio player ready...
|
जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई 2025 – जिले के सिवनी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्व सरपंच महारथी चौहान के बेटे अर्जुन सिंह चौहान का शव शुक्रवार सुबह सड़क किनारे नहर में संदिग्ध हालात में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही नैला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हरेली पर्व के दिन निकला था घर से
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह चौहान हरेली पर्व के दिन अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे नहर में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका
पुलिस ने जब शव का निरीक्षण किया तो उस पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है।