सूरजपुर/26 फरवरी 2026/ आज जिला पंचायत सभाकक्ष में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की उपस्थिति मे पूर्व की दिशा निर्देशों की समीक्षा की गई, इसके पश्चात् विभागीय योजनाओं पर क्रमवार चर्चा की गई। समिति की बैठक में मूलभूत आवश्यकता की चीजें केंद्र बिंदु पर रहीं। कृषक बंधुओ ध्यानाकर्षण जैविक खेती की ओर बढ़े इस बात को लेकर विस्तृत चर्चा की गईं। सांसद श्री चितंमणि महाराज ने रसायनिक खेती की दुस्प्रभावों का जिक्र करते हुए जैविक कृषि पद्धति को कृषक अपनायें इस बात पर विशेष जोर दिया। उन्होने कृषि व उसके संबंध विभाग को जैविक खेती के लाभ के संबंध में ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार और प्रेरित करने की बात कही ताकि कृषक बंधु रसायन रहित फसल व सब्जी का उत्पाद करने की दिशा में आगे आयें। इसके साथ ही कृषक बंधुओ को मिट्टी परीक्षण, पीएम फसल बीमा योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करें की बात भी कही गई।
बैठक में सड़क निर्माण परियोजनाओं पर चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री सडक योजना के तहत बनने वाले निर्माणधीन सड़क गुणवत्ता पूर्ण और तय मानक में बने इसके लिए नियमित भौतिक परीक्षण पर जोर दिया गया। उन्होने सड़क योजनाओं की समीक्षा करतें हुए कहा कि शासन की ओर से स्वीकृत सड़क में होने वाले निर्माण कार्य का निरीक्षण प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी करें ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, यातायात के लिए उपलब्ध हो सकें और क्षेत्र का चौमुखी विकास हो।
सांसद ने स्व. सहायता समूह के दीदियों द्वारा चलाये जा रहे आविजिका मूलक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। दीदियों के आमदनी में बढ़ोतरी हो इस हेतु उनके व्यवसाय व उत्पाद हेतु बेहतर मार्केंटिग स्ट्रेटेजी के साथ समूह को जोड़ने की बात कही ताकि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले और ज्यादा से ज्यादा समूह ’’लखपति दीदी’’ का हिस्सा बने।
बैठक मंे प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के अद्ययतन वस्तु स्थिति की जानकारी ली गई। जिसमें जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिह पाटले द्वारा बताया गया कि पीएम आवास ग्रामीण अंतर्गत अब तक 72357 आवासों स्वीकृति के विरुद्ध 60236 आवास पूर्ण हुए है। जिले ने 84 प्रतिशत आवास पूर्ण करते हुए, राज्य में चौथा एवं संभाग में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं विगत 2 वर्षों के आंकड़ो पर नजर डाले तो 34809 आवासों की स्वीकृति के विरुद्ध 24420 आवास अर्थात् 70 फीसदी आवास पूर्ण कर लिए है।
बैठक में नगरीय निकाय क्षेत्रों में अमृत मिशन की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की वस्तु स्थिति, ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल संसाधन विभाग अंतर्गत खरीफ एवं रबी फसल हेतु सिंचाई लक्ष्य एवं उसकी उपलब्धि, पशुपालन विभाग से डेयरी विकास योजनाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, भवन निर्माण कार्य, रिक्त पदों पर भर्ती, पूरक पोषण आहार की आपूर्ति एवं जिले में उसके उत्पादन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से हाट-बाजार क्लीनिक योजना एवं आयुष्मान भारत योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग अंतर्गत जल जीवन मिशन की प्रगति, शिक्षा विभाग, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, ई-गवर्नेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तहत डिजिटल इंडिया एवं भारतनेट परियोजनाओं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, गैस कनेक्शन एवं इंस्टॉलेशन की स्थिति, खेल एवं युवा कल्याण विभाग अंतर्गत खेलो इंडिया योजना तथा मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के प्रगति की जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचे, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, सूरजपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, श्री ठाकुर राजवाड़े, फुलेश्वर प्रसाद सिरदार, गुलाब सिंह, श्रीमती सुलोचनी पैकरा, श्रीमती सुकमनिया, राजेश्वर तिवारी, संजय गुप्ता, श्रीमती विनिता सिंह, शिवप्रसाद सिंह, जिला ंपचायत सदस्यगण, जनपद सदस्यगण, सरपंचगण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर व अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
Must Read
