बलौदाबाज़ार। जिले में संचालित दो निजी अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा और ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाज़ार का आयुष्मान भारत पंजीयन 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देश पर दोनों अस्पतालों की जांच कराई गई थी। जांच में गंभीर खामियां मिलने पर दोनों संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग ने राज्य कार्यालय को कार्रवाई की अनुशंसा भेजी। इसके बाद राज्य नोडल एजेंसी ने दोनों अस्पतालों का आयुष्मान पंजीयन सस्पेंड कर दिया।
जांच में मिली बड़ी कमियां
जांच टीम को अस्पतालों में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिनमें शामिल हैं—
अस्पताल स्टाफ की योग्यता का सत्यापन न होना
आवश्यक मेडिकल उपकरणों की कमी
केस शीट और उपचार रजिस्टर में गड़बड़ी
आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली कमजोर
दवाइयों और प्रक्रियाओं की गलत प्रविष्टियां
मरीजों की देखरेख में लापरवाही
बुनियादी आवश्यक सुविधाओं का अभाव
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अस्पतालों की लापरवाही सीधे मरीजों की सुरक्षा और उपचार की गुणवत्ता को प्रभावित करती है, इसलिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक थी। आगे पुनः निरीक्षण के बाद ही इन अस्पतालों का पंजीयन बहाल होगा।
